अध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने राष्ट्रहित में निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करने का दिलाया संकल्प रायपुर, 15 अगस्त 2026 देश के 80वें स्वतंत्रता दि...

अध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने राष्ट्रहित में निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करने का दिलाया संकल्प
रायपुर, 15 अगस्त 2026
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह ने नया रायपुर स्थित ऑफिस कॉम्प्लेक्स के मंडल परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह ने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का अमूल्य परिणाम है। उनके आदर्शों और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेकर हम सभी को राष्ट्रहित एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। देश की एकता, अखंडता और प्रगति को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका पूरी जिम्मेदारी के साथ निभानी होगी।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के उपरांत अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह ने वन विकास निगम, छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोहों में भी सहभागिता की।
कार्यक्रम में नागरिक आपूर्ति निगम मंडल के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, विश्वविद्यालय नियामक आयोग के अध्यक्ष श्री विजय गोयल, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के सचिव श्री गिरीश रामटेके सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के संदर्भ में स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम को स्मरण किया गया। उपस्थितजनों ने देश की एकता, अखंडता, समृद्धि एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
No comments